मईल पुलिस ने ‘यक्ष ऐप’ के जरिए थाना क्षेत्र के व्यक्ति पर दूसरे जनपद में दर्ज मुकदमे को अभिलेखों में किया दर्ज
देवरिया, 04 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में आधुनिक तकनीक के उपयोग से पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मईल पुलिस द्वारा ‘यक्ष ऐप’ के माध्यम से एक महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करते हुए उसे अभिलेखों में दर्ज किया गया है।
यह ऐप अपराधियों के सत्यापन एवं उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी प्राप्त करने में पुलिस के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, थाना मईल क्षेत्र में तैनात बीट संख्या-14 के आरक्षी आशुतोष पाठक द्वारा अपने मोबाइल में डाउनलोड किए गए यक्ष ऐप के माध्यम से क्षेत्र के एक व्यक्ति के विरुद्ध अन्य जनपद में दर्ज अभियोग की सूचना प्राप्त हुई। ऐप पर उपलब्ध विवरण के अनुसार ग्राम गोडौली निवासी सूरज सिंह पुत्र संजय कुमार सिंह के खिलाफ जनपद गोरखपुर के थाना एम्स में मु0अ0सं0 76/2026 के तहत आईटी एक्ट की धारा 66D तथा विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस सूचना के प्राप्त होते ही थाना मईल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध दर्ज मुकदमे का विवरण थाना रजिस्टर संख्या-08 भाग 2A में दर्ज कर लिया। इससे स्थानीय पुलिस को क्षेत्र के व्यक्तियों के आपराधिक इतिहास की अद्यतन जानकारी उपलब्ध हो गई है, जिससे भविष्य में निगरानी और कार्रवाई में सुविधा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि ‘यक्ष ऐप’ को 27 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री द्वारा पुलिस मंथन 2025 कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया गया था और 9 जनवरी 2026 से इसका क्रियान्वयन प्रदेशभर में शुरू किया गया। इस ऐप के माध्यम से किसी भी व्यक्ति की फोटो अपलोड कर उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी तुरंत प्राप्त की जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यक्ष ऐप अपराध नियंत्रण और अपराधियों की पहचान में बेहद कारगर सिद्ध हो रहा है तथा भविष्य में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

