महोबा : जिलाधिकारी ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों को लेकर दिखायी सख्ती, पुन: होगा सत्यापन

WhatsApp Channel Join Now
महोबा : जिलाधिकारी ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों को लेकर दिखायी सख्ती, पुन: होगा सत्यापन


महोबा, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा में जिलाधिकारी प्रभाष कुमार की अध्यक्षता में बुधवार काे मुख्यालय स्थित कैम्प कार्यालय में माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जनपदीय परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति की बैठक की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने मानकों और आवश्यक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए नवीन प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों का पुनः स्थलीय सत्यापन कराए जाने के निर्देश एसडीएम को दिए हैं।

बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने नवीन प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों का एसडीएम महोबा एवं एसडीएम कुलपहाड़ के माध्यम से पुनः स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण निर्धारित मानकों और आवश्यक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए किया जाए, ताकि बोर्ड परीक्षा को सुचारु, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

बोर्ड द्वारा परीक्षार्थियों के आवंटन सहित उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार जनपद में कुल 29 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए जाने पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें 4 परीक्षा केंद्र मानकविहीन पाए गए, जिनमें अखंड मुक्तानंद हाईस्कूल ग्योड़ी, केजीबीवी जैतपुर, श्री बजरंग इंटर कॉलेज गढ़ोखरधाम पनवाड़ी तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर राठ रोड महोबा शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त 5 नवीन परीक्षा केंद्रों के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई, जिनमें जनपद मुख्यालय स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, साईं इंटर कॉलेज, शिशु शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, श्री ब्रह्मचारी इंटर कॉलेज खन्ना तथा हमीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज पनवाड़ी शामिल हैं। इनमें हमीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज पनवाड़ी विगत वर्षों में भी परीक्षा केंद्र रहा है।

जिलाधिकारी ने बैठक में परीक्षा केंद्रों का निर्धारण निर्धारित मानकों और आवश्यक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों के आवंटन को लेकर चर्चा की। उन्होंने एसडीएम सदर एवं एसडीएम कुलपहाड़ के माध्यम से पुनः स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी इन्द्र नन्दन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक वन्दना सिंह, एसडीएम चरखारी, एसडीएम कुलपहाड़, एवं अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story