महोबा : सूर्य मंदिर एवं इसके आसपास के परिक्षेत्र का हाेगा विकास, जिलाधिकारी ने कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
महोबा : सूर्य मंदिर एवं इसके आसपास के परिक्षेत्र का हाेगा विकास, जिलाधिकारी ने कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश


महोबा, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद महोबा के जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने बुधवार को रहेलिया सूर्य मंदिर एवं रहेलिया सागर का निरीक्षण कर पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को समग्र पर्यटन विकास कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद मुख्यालय स्थित कोणार्क से भी पुराने सूर्य मंदिर के प्राचीन स्थापत्य एवं ऐतिहासिक महत्व को देखा। इसके बाद उन्होंने रहेलिया सागर का निरीक्षण कर वहां की स्थिति एवं पर्यटन की संभावनाओं का आकलन किया।जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद द्वारा विकसित कराए गए सूर्य कुंड पार्क का भी निरीक्षण किया तथा पार्क में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने सूर्य मंदिर एवं इसके आसपास के समस्त परिक्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की संभावनाओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।

इस दौरान जिलाधिकारी ने सूर्य मंदिर, रहेलिया सागर एवं सूर्य कुंड पार्क को सम्मिलित करते हुए एक समग्र पर्यटन विकास कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक विकास कार्यों, पर्यटकों के लिए मूलभूत सुविधाओं, सौंदर्यीकरण एवं क्षेत्र के आकर्षक विकास से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने को कहा, ताकि इस ऐतिहासिक धरोहर को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार महोबा, पर्यटन अधिकारी डॉ. चित्रगुप्त, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अवधेश कुमार, सीएंडडीएस के इंजीनियर शशांक शुक्ला, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के कर्मचारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story