तालाब की जल निकासी रोकने से फसलें डूबीं, किसानों ने डीएम से लगाई गुहार

WhatsApp Channel Join Now
तालाब की जल निकासी रोकने से फसलें डूबीं, किसानों ने डीएम से लगाई गुहार


महोबा, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में महोबा जनपद की तहसील कुलपहाड़ के ग्राम बिहार में दबंगों द्वारा तालाब में जल निकासी बंद होने के कारण खेत जल मग्न होने से फसल के नुकसान होने से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को डीएम गजल भारद्वाज को शिकायती पत्र सौंप जल निकासी करवाने की मांग की है। इसके साथ ग्रामीणों ने दबंग पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

जनपद के कुलपहाड़ तहसील क्षेत्र के बिहार गांव की महिला ग्रामीण लच्छी, आशारानी, माया देवी, देवकरन, मुन्ना लाल, राम दयाल आदि ने डीएम गजल भारद्वाज को शिकायती पत्र सौंप बताया कि मौजा बिहार में स्थित तालाब में मछली पालन का ठेका होता है।

आरोप है कि गांव के ही दबंग किस्म के व्यक्तियों वन माली, मदन और देशराज ने तालाब की निकासी की जगह को बंद कर जल निकासी रोक दी। जल निकासी बंद होने से तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर किसानों के खेतों में भर गया।

ग्रामीणों के अनुसार पानी भरने से उनकी पूरी फसल बर्बाद हो चुकी है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

बताया कि जब उन्होंने जल निकासी खोलने को कहा तो दबंगों के द्वारा उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी जा रही है । आरोप है कि सभी विपक्षी लाठी-डंडों के साथ तालाब के पास खड़े थे, जिससे मौके से जान बचाकर भागना पड़ा।

किसानों ने जिलाधिकारी से तालाब की जल निकासी खुलवाने और फसल नुकसान का मुआवजा दिलाया जाने की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई कर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। डीएम गजल भारद्वाज ने ग्रामीणों को समस्या का जल्द निराकरण का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story