ऑपरेशन रक्षा के तहत पुलिस ने ढाबा-रेस्टोरेंट समेत कई प्रतिष्ठानों में की चेकिंग

WhatsApp Channel Join Now

महोबा, 10 जुलाई (हि.स.)। जनपद मुख्यालय में शुक्रवार काे पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देश पर बाल श्रम की रोकथाम एवं संकट में फंसे बच्चों के रेस्क्यू के लिए ऑपरेशन रक्षा चलाया गया। इसके तहत एएचटी की टीम, वन स्टॉप सेंटर से क्षमा और अर्चना, चाइल्ड लाइन के कोऑर्डिनेटर दीपक कुमार और बाल कल्याण समिति की सदस्य मधुवाला चौरसिया ने नगर रोडवेज बस स्टैंड महोबा, अपना रसोई ढाबा ,रेस्टोरेंट, रिलेक्स लक्जरी स्पा एवं सैलून सेंटर,सहित अन्य स्थानों पर चेकिंग की गई।

एएचटी टीम के थानाध्यक्ष जयचंद्र ने बताया कि अभियान के तहत चेकिंग के दौरान किसी भी प्रतिष्ठान में 18 वर्ष से कम उम्र का कोई बालक या बालिका काम करता नहीं पाया गया। हालांकि टीम ने सभी ढाबा, स्पा और अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में नाबालिगों से काम न कराया जाए। बाल श्रम पाए जाने पर कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। बाल श्रम और बाल शोषण के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story