राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर बच्चों ने टेलीस्कोप से देखा सूर्य, जाना अंतरिक्ष विज्ञान

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर बच्चों ने टेलीस्कोप से देखा सूर्य, जाना अंतरिक्ष विज्ञान


महोबा, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर रविवार को वीरभूमि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विशेष विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया और डीएम ने उनकी जिज्ञासाओं को सुनकर उनके सवालों का जवाब दिया गया।

जनपद मुख्यालय में वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।कार्यक्रम के लिए दिल्ली से आठ सदस्यीय वैज्ञानिक दल महोबा पहुंचा था। दल ने जनपद के राजकीय बालक इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय चरखारी और प्रांतीय बाल सेवा सदन अनाथालय के लगभग 400 छात्र-छात्राओं को अंतरिक्ष विज्ञान का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को 200-200 के दो स्लॉट में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा गया।

वैज्ञानिकों ने बच्चों को टेलीस्कोप से सूर्य का अवलोकन कराया, ऊंची-ऊंची इमारतों के मॉडल तैयार करना सिखाया और रॉकेट बनाने व लॉन्च करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। बच्चों को रॉकेट तकनीक, उपग्रह और अंतरिक्ष से जुड़े वैज्ञानिक प्रयोगों की बारीकियां भी बताई गईं।

इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया, उनकी जिज्ञासाओं को सुना और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच और जिज्ञासा ही नई खोजों का आधार है। बच्चों को ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करना चाहिए। इस मौके पर एसडीएम सदर शिवध्यान पांडेय,जिला विद्यालय निरीक्षक प्रेमचन्द यादव, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार, दिलीप कुमार सहित अन्य शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे हैं।

-------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story