ऐतिहासिक कजली मेला महोत्सव को लेकर पुलिस सतर्क
महोबा, 19 अगस्त (हि.स.)। बुंदेलखंड के आगामी ऐतिहासिक कजली महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 29 अगस्त से शुरू हो रहे ऐतिहासिक कजली मेला महोत्सव को सकुशल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। इसी के मद्देनजर जिलाधिकारी गजल भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने बुधवार को मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और समय से व्यवस्थाओं को दुरस्त करने के निर्देश दिए हैं।
जनपद मुख्यालय स्थित कीरत सागर सरोवर तटबंध पर लगने वाले ऐतिहासिक कजली महोत्सव की तैयारियों को लेकर डीएम गजल भारद्वाज ने मेला परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं । इस दौरान डीएम ने मेला परिसर में वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रखने और दुकानों के बीच आवागमन के लिए मार्ग को पर्याप्त चौड़ा रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि मेला में आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और आगंतुकों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए बिजली-पानी, प्रकाश, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भीड़ प्रबंधन की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने मेला प्रबंधन समिति और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, यातायात बाधा या सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सतर्कता, प्रभावी पेट्रोलिंग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
डीएम और एसपी के द्वारा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, सीडीओ, अपर जिलाधिकारी इंद्रनंदन सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रविकांत गौड़, एसडीएम शिवध्यान पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मनीष कुमार पाण्डेय, प्रभारी यातायात सुनील कुमार सिंह सहित नगर पालिका परिषद और महोबा संरक्षण एवं विकास समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे हैं।
------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

