भारत की महिमा स्वर्ग से भी बढ़कर : राजेन्द्र देव
-भारतीय संस्कृति बोध परियोजना की बैठक संपन्न -तीन सत्रों में समाज के प्रबुद्धजनों ने दिया संस्कृति संरक्षण का संदेश
महोबा, 06 अगस्त (हि.स.)। यूपी के महोबा में भारतीय संस्कृति बोध परियोजना की विस्तार बैठक का गुरुवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजन किया गया। बैठक कुल तीन वैचारिक सत्रों में संपन्न हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों और समाज के प्रबुद्धजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया है।
गुरुवार को जनपद मुख्यालय स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भारतीय संस्कृति बोध परियोजना की बैठक तीन सत्रों में संपन्न हुई।बैठक के प्रथम सत्र में विद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। द्वितीय सत्र में विद्वत परिषद, प्रबंध समिति, पूर्व आचार्य, पुरातन छात्र, जनप्रतिनिधि, मातृभारती टोली के सदस्य और विभिन्न राष्ट्रवादी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की और तृतीय सत्र में तृतीय सत्र में विद्या भारती और जन शिक्षा समिति से जुड़े क्षेत्र के प्रधानाचार्यों की उपस्थिति रही है।
बैठक को संबोधित करते हुए संस्कृति बोध परियोजना के क्षेत्रीय अभियान प्रमुख राजेन्द्र देव ने कहा कि भारत एक ऐसा राष्ट्र है जहां भूमि को माता माना गया है। अथर्ववेद का सूक्त माता भूमि: पुत्रोऽहं पृथिव्या : हमें मातृभूमि के प्रति आत्मीय भाव सिखाता है। उन्होंने कहा कि हिमालय जिसके मुकुट हैं और जहां गंगा, यमुना, गोदावरी जैसी नदियां बहती हैं, वह भारत विविधता में एकता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यह भूमि श्रीराम और श्रीकृष्ण की लीला स्थली है। यहीं बुद्ध, महावीर, दयानन्द, विवेकानंद, शिवाजी, महाराणा प्रताप, भगत सिंह और रानी लक्ष्मीबाई जैसे महापुरुषों ने जन्म लिया। वेदों की रचना, रामायण-महाभारत, पाणिनि का व्याकरण, भरतमुनि का नाट्यशास्त्र और आयुर्वेद, गणित, विज्ञान की शुरुआत भी इसी भारत भूमि से हुई है।
बैठक में सरस्वती विद्या मंदिर महोबा के प्रधानाचार्य कमलेश सिंह, शिशु शिक्षा निकेतन राठ रोड के अरुण उपाध्याय, शिशु शिक्षा निकेतन मुख्य बाजार के जगदीश, सरस्वती विद्या मंदिर चरखारी के नवीन अवस्थी, सरस्वती शिशु मंदिर चरखारी के स्वयं प्रकाश और सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की प्रधानाचार्य आभा शामिल रहीं हैं। इस अवसर पर हिंदू जागरण मंच के नीरज गुप्ता, भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष शिवरतन,भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष आशीष सिंह और बड़ी संख्या में मातृशक्ति, अभिभावक और नगर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

