महोबा : क्रांतिकारियों के ऐतिहासिक बलिदान स्थल से अवैध कब्जा हटा कर भव्य स्मारक बनाने की उठी मांग, सौंपा ज्ञापन
महोबा, 02 नवंबर (हि.स.)। यूपी के महोबा जनपद मुख्यालय के हवेली दरवाजा स्थित ऐतिहासिक बलिदान स्थल को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर भव्य स्मारक स्थल के रूप में विकसित करने की मांग तेज हो गई है। समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों ने सोमवार को नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी अवधेश कुमार को पत्र सौंपकर शहीदी स्थल से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है। तो वहीं समस्या के निराकरण न होने पर मजबूरन अनशन करने की चेतावनी दी है।
भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य एड नीरज रावत ने ईओ को पत्र सौंपते हुए बताया कि हवेली दरवाजा स्थित यह वही ऐतिहासिक स्थल है, जहाँ स्थानीय ऐतिहासिक मान्यताओं और अभिलेखों के अनुसार स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों को फाँसी दी गई थी। यह स्थल वीर क्रांतिकारियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम की स्मृति से जुड़ा हुआ है।इस ऐतिहासिक स्थल पर अवैध कब्जा होने के कारण इसकी गरिमा और ऐतिहासिक पहचान प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान स्थल का राजस्व एवं नगर पालिका अभिलेखों के आधार पर निरीक्षण और अवैध कब्जे की जाँच कराई जा चुकी है, जिसमें कब्जा अवैध पाया गया है। नियमों के अनुसार कब्जा हटवाकर संबंधित विभागों के समन्वय से यहाँ क्रांतिकारियों की स्मृति में भव्य स्मारक, शिलालेख एवं ऐतिहासिक विवरण पट्ट स्थापित कराया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ वीर सपूतों के बलिदान से प्रेरणा ले सकें।
उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार इस ऐतिहासिक स्थल का पूर्व में टेंडर हो गया था, किंतु किसी के दबाव में आकर टेंडर को कैंसिल कर दिया गया। यदि इस गंभीर मामले में नगर पालिका द्वारा हीलाहवाली की जाती है तो सरकार होने के बावजूद मजबूरी वश उन्हें आंदोलन अनशन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

