आईजीआरएस पर लापरवाही पड़ी भारी, जिलाधिकारी ने 13 अधिकारियों के वेतन पर लगाई रोक

WhatsApp Channel Join Now
आईजीआरएस पर लापरवाही पड़ी भारी, जिलाधिकारी ने 13 अधिकारियों के वेतन पर लगाई रोक


महोबा, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को डीएम गजल भारद्वाज ने आईजीआरएस जनता दर्शन पोर्टल की समीक्षा बैठक में खराब प्रदर्शन करने वाले 13 अधिकारियों के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। डीएम के एक्शन से अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।

जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम गजल भारद्वाज ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व और सभी जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ आईजीआरएस पोर्टल की माह जुलाई की रैंकिंग और अगस्त माह की गहन समीक्षा की। बैठक में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर पुष्पेन्द्र निरंजन से पोर्टल पर जनपद की स्थिति और रैंकिंग के 11 मूल्यांकन बिंदुओं की जानकारी ली गई।

समीक्षा में सबसे गंभीर मुद्दा शिकायतकर्ता से प्राप्त असंतुष्ट फीडबैक और शिकायतकर्ता से संपर्क न किया जाना पाया गया। यानी कई शिकायतों का निस्तारण शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर नहीं हुआ था।जिन अधिकारियों के खिलाफ असंतुष्ट फीडबैक और संपर्क न करने की शिकायतें हैं, उन्हें 25 अगस्त तक स्थिति में सुधार करना करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी प्रतिदिन प्रातः कार्यालय में पहुंचकर जनसुनवाई करें। आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेकर शिकायतकर्ता से सीधे संपर्क कर संतुष्टि के आधार पर नियमानुसार निस्तारण किया जाए। इसके लिए स्थलीय निरीक्षण कर गवाहों के हस्ताक्षर और फोटोग्राफ के साथ आख्या पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।

डीएम ने कहा कि जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही शासन की प्राथमिकता है। इसी के आधार पर जनपद को प्रदेश में अच्छी स्थिति में बनाए रखना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story