महिलाओं और दिव्यांगों ने मिलकर फहराया तिरंगा, दिया समानता का संदेश
महोबा, 15 अगस्त (हि.स.)। यूपी के महोबा में बुंदेलखंड सोसाइटी फॉर रूरल डेवलपमेंट संस्था द्वारा शनिवार को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संस्था से जुड़ी महिलाओं एवं दिव्यांगजनों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। और महिला सशक्तिकरण एवं दिव्यांग उत्थान के लिए कार्य जारी रखने का संकल्प लिया है।
बुंदेलखंड सोसाइटी फॉर रूरल डेवलपमेंट द्वारा जनपद मुख्यालय स्थित वाल्मीकि चौराहा पर ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में संस्था के प्रबंधक आकाश राय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी का दिन है। आज ही के दिन 15 अगस्त 1947 को हमें अंग्रेजी शासन की गुलामी की दास्तां से छुटकारा मिला था। वन्देमातरम और भारत माता की जय का नारा लगाने पर अंग्रेजों के द्वारा जुल्म किया जाता था। क्रांतिकारियों सरदार भगत सिंह, पंडित चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपत राय, सुखदेव , राजगुरु समेत अनगिनत क्रांतिवीरों ने देश के लिए हंसते हंसते अपना जीवन कुर्बान किया है। अमर बलिदानियों का बलिदान हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार और सम्मान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संस्था ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण एवं दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान का गायन किया तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं दिव्यांगजनों की सहभागिता को सामाजिक समावेशन और समान अवसर का प्रतीक बताया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

