एक राष्ट्र, एक चुनाव को घर-घर तक पंहुच लोगों को जागरूक करेगा महिला मोर्चा: रजनी तिवारी


कानपुर, 27 अप्रैल (हि. स.)। प्रधानमंत्री द्वारा देश के युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाएं आज धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं और भारत अब एक विकसित राष्ट्र की दिशा में तेजी से अग्रसर है। यह बातें रविवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा,महानगर द्वारा ओंकारेश्वर विद्यालय, जवाहर नगर में प्रबुद्ध वर्ग की महिलाओं की एक संगोष्ठी एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री रजनी तिवारी ने कही।
मंत्री ने कहा कि बार-बार चुनाव होने के कारण देश में बार-बार आदर्श आचार संहिता लागू हो जाती है, जिससे विकास कार्य बाधित होते हैं। साथ ही शिक्षकों, शिक्षा मित्रों और सरकारी कर्मचारियों को बार-बार चुनाव ड्यूटी में लगाया जाता है, जिससे उनका मूल कार्य प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि 1951 से 1967 तक लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होते थे, और अब फिर से देश को सशक्त बनाने के लिए एक राष्ट्र, एक चुनाव प्रणाली को लागू करना आवश्यक हो गया है। मंत्री ने महिलाओं से आग्रह किया कि वे इस विषय पर जागरूकता फैलाएं और इसे जन-आंदोलन का रूप दें, क्योंकि संगठित होकर ही इस महत्वपूर्ण परिवर्तन को संभव बनाया जा सकता है। इस संगोष्ठी का विषय एक राष्ट्र, एक चुनाव रहा, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिष्ठित महिलाएं उपस्थित रहीं।
संगोष्ठी का संचालन महिला आयोग की पूर्व सदस्य पूनम कपूर ने किया। इस अवसर पर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, महिला उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न पेशों से जुड़ी महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अंत में, महिला मोर्चा की वरिष्ठ सदस्या पुष्पा तिवारी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
संगोष्ठी में प्रमुख रूप से,जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित महापौर प्रमिला पांडे, विधायिका नीलमा कटियार, रीता शास्त्री, सरोज सिंह, अनीता त्रिपाठी, मीरा भदौरिया, गुंजन शर्मा, रंजीता पाठक, आशा पाल, सुमन वर्मा,अं जू श्रीवास्तव, रीता पासवान, मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, अवधेश सोनकर, संतोष शुक्ला सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित थी।
हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद