महर्षि भारद्वाज चार्टर्ड एकाउंटेंट्स एसोसिएशन के न्यासी मंडल की बैठक
प्रयागराज, 28 जून (हि.स)। महर्षि भारद्वाज चार्टर्ड एकाउंटेंट्स एसोसिएशन के न्यासी मंडल की बैठक रविवार की सायं पन्नालाल रोड, प्रयागराज में हुई। संगठन के गठनकर्ता सीए एस.सी. कक्कड़, संस्था के अध्यक्ष नवीन चंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शुक्ल, सचिव शिव भूषण पाठक तथा कोषाध्यक्ष पल्लवी जैन हैं।
संस्था अध्यक्ष वरिष्ठ सीए डॉ नवीन चंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रयागराज महर्षि भारद्वाज के नाम से आदिकाल से अध्ययन अध्यापन एवं शोध के लिए जाना जाता रहा है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर संस्था के नाम में शामिल किया गया है। संस्थान का लक्ष्य चार्टर्ड एकाउण्टेंटों को अध्ययन एवं संवाद द्वारा अर्जित ज्ञान से राष्ट्र का विकास एवं लोक कल्याण किया जा सके। इस भाव को लेकर संस्था का गठन किया गया है। संस्था का ध्येय वाक्य ‘परस्परम् भावयंतः श्रेयः परमवाप्स्यथ’ है। यह गीता के अध्याय 3 श्लोक 11 से लिया गया है।
उन्होंने कहा कि संस्था मुख्य रूप से सदस्य के रूप में चार्टर्ड अकाउंटेंट को जोड़ेगी तथा परस्पर ज्ञान के साथ-साथ समाज के उत्थान के लिए सरकार की नीतियों को स्पष्ट करने के साथ-साथ उन्हें अधिनियमों का पालन करने के लिए नैतिक रूप से प्रेरित करेगी। भारत विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बन चुकी है और विश्व विभिन्न विषयों के लिए भारत की ओर देख रहा है। ऐसे में चार्टर्ड अकाउंटेंट की भूमिका कई गुना बढ़ जाती है।
संस्था सचिव शिव भूषण पाठक ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति भारतरत्न एपीजे अब्दुल कलाम ने कहा था की चार्टर्ड अकाउंटेंट राष्ट्र निर्माण के सहभागी हैं। अभी विगत दिनों भारत मंडपम् मे बोलते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि चार्टर्ड अकाउंटेंट वित्तीय विश्वास के अभिरक्षक हैं। इस एसोसिएशन द्वारा विभिन्न उद्देश्यों हेतु समय-समय पर विचार गोष्ठी आयोजित कर उद्यमी व्यापारी एवं समाज को लाभान्वित किया जाएगा। सभा के अंत में सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया गया एवं राष्ट्रीय गीत वन्देमातरम् के साथ समाप्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

