महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर संगोष्ठी एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
देवरिया, 24 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा, देवरिया द्वारा बुधवार को महारानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर संगोष्ठी एवं पौधारोपण कार्यक्रम हुआ।। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महारानी दुर्गावती के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा देवरिया के जिला अध्यक्ष विजय कुमार गोंड ने कहा कि महारानी दुर्गावती स्वाभिमान, वीरता और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अनुपम प्रतीक थीं। उन्होंने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन संघर्ष और पराक्रम की ऐसी गाथा है, जो आज भी समाज को प्रेरणा प्रदान करती है। कार्यक्रम के सह-संयोजक एवं जिला महामंत्री पंकज सिंह गोंड ने कहा कि महारानी दुर्गावती ने गोंडवाना साम्राज्य की रक्षा के लिए विदेशी आक्रांताओं के सामने कभी आत्मसमर्पण नहीं किया। उन्होंने अपने साहस और नेतृत्व से इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। उनका बलिदान नारी शक्ति, आदिवासी समाज और पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल गोंड ने लोगों से महारानी दुर्गावती के आदर्शों को अपनाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष शिवाजी शाह, जिला कोषाध्यक्ष पंकज कुमार गोंड, मंडल अध्यक्ष प्रभुनाथ प्रसाद गोंड, पूर्व मंडल अध्यक्ष मैनेजर प्रसाद गोंड सहित अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन महारानी दुर्गावती के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

