महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक सप्ताह समारोह की तैयारियां शुरू, 4 दिसम्बर को होगा शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक सप्ताह समारोह की तैयारियां शुरू, 4 दिसम्बर को होगा शुभारंभ


महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक सप्ताह समारोह की तैयारियां शुरू, 4 दिसम्बर को होगा शुभारंभ


गोरखपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक सप्ताह समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष भी संस्थापकों की स्मृति में 4 से 10 दिसम्बर तक सात दिवसीय संस्थापक सप्ताह समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह का शुभारंभ 4 दिसम्बर को होगा, जबकि 10 दिसम्बर को मुख्य महोत्सव एवं पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, शैक्षणिक उत्कृष्टता और खेल कौशल को मंच प्रदान करने के लिए विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उद्घाटन और मुख्य महोत्सव के मुख्य अतिथियों के नामों पर मंथन चल रहा है, जिनकी घोषणा जल्द की जाएगी।

संस्थापक सप्ताह समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संवाद कक्ष में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की संस्थाओं के संस्थाध्यक्षों, संयोजक मंडल के सदस्यों तथा समारोह संचालन समिति की बैठक हुई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, प्रतियोगिताओं के संचालन, प्रतिभागियों की सहभागिता और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के वरिष्ठ सदस्य डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि संस्थापक सप्ताह समारोह का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें शिक्षणेत्तर गतिविधियों के प्रति रुचि और प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सभी संस्थाध्यक्षों से अपील की कि वे अपनी संस्थाओं के विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित कराएं। साथ ही शिक्षा परिषद से बाहर की अधिक से अधिक शैक्षणिक संस्थाओं को भी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करें, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का व्यापक अवसर मिल सके।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे परिषद के वरिष्ठ सदस्य प्रमथ नाथ मिश्र ने कहा कि प्रबंध समिति एवं संचालन समिति की ओर से आयोजन की प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 4 दिसम्बर के उद्घाटन समारोह और 10 दिसम्बर को होने वाले मुख्य महोत्सव के मुख्य अतिथियों के चयन पर चर्चा चल रही है। शीघ्र ही मुख्य अतिथियों के नाम निर्धारित कर दिए जाएंगे।

संचालन समिति के सदस्य डॉ. नीतीश शुक्ला ने बताया कि प्रतियोगिताओं का क्रम मुख्य समारोह से पहले ही शुरू हो जाएगा। 22 नवम्बर को पीटी एवं सर्वोत्तम एनसीसी कैडेट चयन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 नवम्बर है। वहीं, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से 5 से 10 दिसम्बर तक विभिन्न शैक्षिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की 50 से अधिक संस्थाओं के साथ गोरखपुर मंडल की 125 से अधिक शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों की सहभागिता प्रस्तावित है। सभी संबंधित संस्थाओं को ई-मेल के माध्यम से आमंत्रण भेज दिया गया है। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवम्बर निर्धारित की गई है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। समारोह से संबंधित विस्तृत जानकारी परिषद की वेबसाइट www.mpspgkp.in पर उपलब्ध करा दी गई है।

सात स्वर्ण पदकों से होगा प्रतिभाओं का सम्मान

समारोह के मुख्य महोत्सव एवं पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में सात प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें महायोगी गुरु श्री गोरक्षनाथ स्वर्ण पदक श्रेष्ठतम संस्था, ब्रह्मलीन बाबा गोपालनाथ स्वर्ण पदक श्रेष्ठतम परिचारक (समूह घ), योगिराज बाबा ब्रह्मनाथ स्वर्ण पदक श्रेष्ठतम कर्मचारी (समूह ग), योगिराज बाबा गम्भीरनाथ स्वर्ण पदक श्रेष्ठतम शिक्षक, ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ स्वर्ण पदक स्नातकोत्तर के श्रेष्ठतम विद्यार्थी, ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ स्वर्ण पदक स्नातक के श्रेष्ठतम विद्यार्थी तथा महाराणा मेवाड़ स्वर्ण पदक हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के श्रेष्ठतम विद्यार्थी को प्रदान किया जाएगा।

स्वर्ण पदकों के लिए चयन प्रक्रिया के तहत आठ दिसम्बर को प्रताप आश्रम, गोलघर में साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 24 नवम्बर निर्धारित की गई है।

विविध प्रतियोगिताओं में दिखेगी विद्यार्थियों की प्रतिभा

संस्थापक सप्ताह समारोह के दौरान विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल, साहित्यिक अभिरुचि, सांस्कृतिक प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को परखने के लिए व्यापक स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें योगासन, गोरखवाणी, चित्रकला, शिक्षाप्रद संत वचन, अंत्याक्षरी, सामान्य ज्ञान, हिन्दी एवं अंग्रेजी सुलेख, निबंध, प्रश्नमंच, श्रीमद्भगवद्गीता, श्रीरामचरितमानस, संगीत गायन तथा हिन्दी, अंग्रेजी एवं संस्कृत में भाषण प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कबड्डी, वालीबाल और बास्केटबाल जैसी खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस वर्ष समारोह में कुछ नए प्रयोग भी किए जा रहे हैं। हिन्दी, अंग्रेजी एवं संस्कृत की वरिष्ठ वर्ग की भाषण प्रतियोगिताएं राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही प्रो. यू.पी. सिंह स्मृति पुरस्कार को भी समारोह में शामिल किया जा रहा है। इससे महत्वपूर्ण पुरस्कारों की कुल संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी।

राज्य स्तरीय बास्केटबाल एवं वालीबाल प्रतियोगिताएं होंगी खास आकर्षण

युगपुरुष महंत दिग्विजयनाथ एवं राष्ट्रसंत महंत अवेद्यनाथ की स्मृति में राज्य स्तरीय प्राइजमनी बास्केटबाल एवं वालीबाल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें महंत दिग्विजयनाथ राज्य स्तरीय प्राइजमनी बास्केटबाल प्रतियोगिता तथा महंत अवेद्यनाथ राज्य स्तरीय प्राइजमनी वालीबाल प्रतियोगिता प्रमुख होंगी। इसके अलावा शिक्षा परिषद के स्तर पर बालक एवं बालिका वर्ग में वालीबाल और कबड्डी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए अलग-अलग संस्थानों में व्यवस्था की गई है। बालिका वर्ग की खेल प्रतियोगिताएं महाराणा प्रताप बालिका इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस में होंगी, जबकि बालक वर्ग की प्रतियोगिताएं महाराणा प्रताप पॉलिटेक्निक, गोरखनाथ में आयोजित की जाएंगी। महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद का संस्थापक सप्ताह समारोह विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने और शिक्षा के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्टता हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770224 Articles

Share this story