40 सीटों पर सिमटेगी समाजवादी पार्टी - महंत राजू दास
बलरामपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर देवीपाटन मंदिर ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ योगी को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने मीडिया को दिए बयान में सपा प्रमुख को खुली चुनौती दी है।
अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने बलरामपुर पहुंचकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अखिलेश यादव को खुली चुनौती देते हुए दावा किया कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी 40 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। उन्होंने यहां तक कह दिया कि यदि सपा को 40 से अधिक सीटें मिल जाती हैं तो वह दोबारा मीडिया के सामने नहीं आएंगे। राजू दास ने मां पाटेश्वरी की धरती से डंके की चोट पर यह चुनौती देने की बात कही।
शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर में आयोजित महंत महेंद्रनाथ जी के पूर्णतिथि कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मंदिर पहुंचे थे श्री हनुमानगढ़ी मंदिर अयोध्या के महंत राजू दास जी उनके साथ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
महंत राजू दास ने अखिलेश यादव के अयोध्या आने की चर्चा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका अयोध्या में स्वागत है, लेकिन अयोध्या आने से पहले उन्हें कृष्ण जन्मभूमि जाकर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव पर भी निशाना साधते हुए उनके कार्यकाल में राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाया। राजू दास ने आरोप लगाया कि जिन कारसेवकों के हाथों में लाठी-डंडे या पत्थर नहीं, बल्कि पूजा की सामग्री थी, उन पर अयोध्या में गोली चलाई गई थी। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव आज राजनीतिक लाभ के लिए अयोध्या आ रहे हैं तो उन्हें सबसे पहले कारसेवकों से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा, हिंदू संगठनों और आरएसएस के लोगों ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए प्रयास किया और मंदिर का निर्माण हुआ तो अब कृष्ण जन्मभूमि के निर्माण की बात भी होनी चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव के लिए तंज कसते हुए 'अखिलेश्वर दीन साहब' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।
महंत राजू दास ने हिंदुओं से सतर्क, सजग और जागरूक रहने की अपील करते हुए बांग्लादेश में हिंदुओं के घर जलाए जाने की घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां हिंदुओं के साथ अत्याचार हो रहा है और दुनिया तथा विश्व समुदाय मौन है। ऐसे हालात में हिंदू समाज को एकजुट रहने की जरूरत है।
सपा प्रमुख पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते अयोध्या की 84 कोसी परिक्रमा पर प्रतिबंध लगाया गया था। उनके मुताबिक, उस समय जन्माष्टमी और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों को लेकर भी समस्याएं पैदा की गईं, जबकि अब सत्ता से बाहर होने के बाद अखिलेश यादव अयोध्या-अयोध्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को ऐसे राजनीतिक रवैये को समझने और सतर्क रहने की जरूरत है।
राजू दास ने दावा किया कि हिंदू समाज अब एकजुट हो चुका है और इसी वजह से कई राजनीतिक नेता परेशान होकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि आगामी चुनाव में अखिलेश यादव की पार्टी 40 सीटों से आगे नहीं बढ़ पाएगी। अंत में उन्होंने अपनी चुनौती दोहराते हुए कहा कि यदि समाजवादी पार्टी 40 से अधिक सीटें जीतती है तो भविष्य में उनका मीडिया के सामने आना बंद हो जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

