भाजपा महानगर अध्यक्ष के लिए 16 ने, प्रदेश परिषद के लिए 5 पदाधिकारियों ने कराया नामांकन
मुरादाबाद, 08 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर अध्यक्ष के लिए बुधवार को महानगर कार्यालय पर चुनाव नामांकन और भाजपा उत्तर प्रदेश परिषद सदस्य के नामांकन की प्रक्रिया महानगर चुनाव अधिकारी प्रमोद गुप्ता के निर्देशन में पूर्ण हुई। महानगर सह चुनाव अधिकारी नवदीप टंडन और शम्मी भटनागर ने बताया कि आज भाजपा महानगर अध्यक्ष के लिए 16 पार्टी पदाधिकारियों और प्रदेश परिषद के सदस्य के लिए 5 वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए।
महानगर चुनाव अधिकारी प्रमोद गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि महानगर अध्यक्ष और प्रदेश परिषद सदस्य की चुनाव प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी। संगठन में कार्य करने वाले कार्यकर्ता को योग्यता अनुसार पद के लिए आवेदन करने का पूरा अधिकार होता है। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद महानगर में सभी 10 नगर मंडलों के बूथ अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों व प्रतिनिधियों के चुनाव प्रक्रिया जिस प्रकार पूरी पारदर्शिता व ईमानदारी के साथ संपन्न हुई थी उसी प्रकार आज महानगर अध्यक्ष और प्रदेश परिषद के चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया भी संपन्न हुई है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह हम सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को सर्वमान्य होना चाहिए।
महानगर चुनाव अधिकारी प्रमोद गुप्ता ने बताया कि भाजपा प्रदेश परिषद के लिए निमित जायसवाल, प्रदीप सक्सेना, डॉ मदालसा शर्मा, किशन लाल जाटव, गेत्रपाल पाल सिंह तोमर ने नामांकन कराया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष के लिए संजय शर्मा, धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, श्याम बिहारी शर्मा, नवदीप टंडन, शमी भटनागर, राजीव गुप्ता, दिनेश शीर्षवाल, नत्थूराम कश्यप, गिरीश भंडूला, राहुल शर्मा, दिनेश सिसोदिया, हेमराज सैनी, मुन्नालाल कश्यप, चंद्र प्रजापति, दीपचंद पासी, हुकुम सिंह सैनी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल