महादेवा कॉरिडोर के ध्वस्त मलवे को भरते समय मिला चांदी का सिक्का

WhatsApp Channel Join Now
महादेवा कॉरिडोर के ध्वस्त मलवे को भरते समय मिला चांदी का सिक्का


बाराबंकी 18 सितंबर (हि.स.)। लोधेश्वर महादेवा में कॉरिडोर निर्माण हेतु चल रहे ध्वस्तीकरण कार्य में मलवा भरने के दौरान आज समूचे क्षेत्र में उस समय हलचल फैल गई जब महादेवा के प्रसिद्ध सेठ जय नारायण गुप्ता, हरी नारायण गुप्ता, काशी नारायण गुप्ता के मकान के ध्वस्त मलबे को भरते समय चांदी के सिक्के मिले । कुछ लोगों ने बताया कि जब मलवा भर रहे मजदूर सिक्कों को उठाकर अपनी जेब में भरने लगे तो मजदूर में ही सिक्कों को बांटने को लेकर आपस में विवाद होने लगा तो मामला पुलिस के यहां पहुंचा।

मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारियों ने मालवा भर रहे मजदूरों की जेब से 75 चांदी के सिक्के बरामद किए। यह सिक्के महारानी विक्टोरिया और जॉर्ज पंचम के काल के बताए जा रहे हैं।

वहीं भूमि का बैनामा कर चुके भू स्वामी हरि नारायण गुप्ता ने बताया कि 75 चांदी के सिक्के मजदूरों से बरामद हुए लेकिन सिक्के जिस मटके में रखे थे वह मटका नहीं बरामद हुआ है, सेठ हरि नारायण गुप्ता ने कहा कि वह मटका भी बरामद होना चाहिए जिसमें चांदी के सिक्के रखे हुए थे। मलबे में मिले चांदी के 75 सिक्के मिलने के बाद शेष रखे गए सिक्कों के मटके का न मिलना क्षेत्र में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है।

सूचना पाकर मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी ,प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे, चौकी प्रभारी अभिनंदन पांडे, सहित राजस्व कर्मचारी व पुलिस के लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story