प्रयागराज जंक्शन पर चला मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज जंक्शन पर चला मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान


--321 यात्रियों से 2,01,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया

प्रयागराज, 21 मई (हि.स)। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में मंडल द्वारा यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा के साथ-साथ टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण हेतु लगातार टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 20 मई को देर रात्रि तक सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक, पंकज कुमार त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में प्रयागराज जंक्शन पर विशेष मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान किया गया।

यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने गुरूवार को दी। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान कुल 321 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं के अंतर्गत प्रभारित किया गया। जिनसे कुल 2,01,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसमें बिना टिकट यात्रा करने वाले 170 यात्रियों से 1,37,000 रुपये, अनियमित यात्रा करने वाले 148 यात्रियों से 64,050 रुपये तथा धूम्रपान एवं गंदगी फैलाने वाले 03 यात्रियों से 300 रुपये का जुर्माना वसूला गया। उन्होंने बताया कि इस अभियान में 17 टिकट जांच स्टाफ, 09 रेलवे सुरक्षा बल कर्मी तथा 09 राजकीय रेलवे पुलिस कर्मियों ने संयुक्त रूप से सहभागिता की।

पीआरओ ने कहा कि, प्रयागराज मंडल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुखद यात्रा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है। रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता रहता है कि वे सदैव वैध टिकट के साथ यात्रा करें, रेल परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें तथा यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा अनियमितता की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story