मथुरा: रोडवेज बस ने सड़क पार कर रहे दम्पत्ति सहित मासूम को रौंदा, पति-पत्नी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मथुरा: रोडवेज बस ने सड़क पार कर रहे दम्पत्ति सहित मासूम को रौंदा, पति-पत्नी की मौत


मथुरा, 24 जुलाई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में थाना हाईवे क्षेत्र अंतर्गत आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे के नवादा चौराहे पर शुक्रवार को सड़क पार कर रहे दम्पति और उनके मासूम बेटे को रोडवेज बस ने कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई , जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया है। मौके पर पहुंची इलाका पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजने के साथ ही गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

हाईवे थाना प्रभारी प्रशांत कपिल ने बताया कि शुक्रवार सुबह फरह थाना क्षेत्र के गांव बेरी निवासी मूलचंद अपनी पत्नी मंजू और पांच वर्षीय बेटा नातिन के साथ नवादा चौराहे पर तीनों पैदल सड़क पार कर दूसरी लेन की ओर जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना पर भीड़ जमा हो गई, जिससे हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल पांच वर्षीय नातिन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के चलते आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को सुचारु कराया। वहीं, घायल बच्चे को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी प्रशांत कपिल ने बताया कि हादसे के बाद रोडवेज बस का चालक मौके से बस लेकर फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story