मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री माेदी ने जीबीयू की छात्राओं की वैज्ञानिक उपलब्धियाें को सराहा

WhatsApp Channel Join Now
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री माेदी ने जीबीयू की छात्राओं की वैज्ञानिक उपलब्धियाें को सराहा


नोएडा, 30 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 137वें संस्करण में जीबीयू में चल रहे मिशन शक्तिसैट कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए छात्राओं की वैज्ञानिक उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत की बेटियों की शक्ति की उड़ान अब धरती तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष तक पहुंच रही है। मिशन शक्तिसैट के माध्यम से 108 देशों की करीब 12 हजार छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक और नवाचार सीखने का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि इनमें से अनेक छात्राएं आने वाले समय में साइंस, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन क्षेत्र में अपनी पहचान बनाएंगी।’ छात्राओं की भागीदारी से तैयार सैटेलाइट को चंद्रमा की कक्षा में भेजने की तैयारी करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि मिशन से जुड़ने वाली अनेक छात्राएं आने वाले समय में विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बनाएंगी।

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) मिशन शक्तिसैट के तहत रविवार को रॉकेट उड़ने का विशेष प्रदर्शन किया गया। विश्वविद्यालय के फुटबॉल स्टेडियम में चार टीमों ने रॉकेट के प्रक्षेपण का प्रदर्शन किया। जीबीयू के कुलपति प्रो. राणा प्रताप ने बताया कि रॉकेट लांचिंग प्रदर्शन में थ्रस्ट टेक, सिनोडिक, रमन रिसर्च और बास टेक्नोलॉजीज की टीमों ने भाग लिया। चारों टीमों ने अपने-अपने रॉकेट के प्रक्षेपण की प्रक्रिया और तकनीकी क्षमताओं का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया।

प्रो. राणा प्रताप ने कहा कि रॉकेट लॉन्चिंग का प्रदर्शन विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान और अत्याधुनिक तकनीक को समझने का अवसर प्रदान करता है। अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में ऐसे कार्यक्रम युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को मजबूत करते हैं। इन स्पेस के निदेशक डॉ. विनोद कुमार एवं स्पेस किड्ज इंडिया की संस्थापक डॉ. श्रीमथी केसन भी इस मौके पर मौजूद रहे। वहीं, रॉकेट के उड़ान भरते ही स्टेडियम में मौजूद सैकड़ों छात्र, शिक्षक और कर्मचारियों ने तालियों से टीमों का उत्साह बढ़ाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story