ब्यूटीफुल लेडीज क्लब ने वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के लिए किया स्नेहपूर्ण लंच कार्यक्रम का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
ब्यूटीफुल लेडीज क्लब ने वृद्धाश्रम में वृद्धजनों के लिए किया स्नेहपूर्ण लंच कार्यक्रम का आयोजन


-वृद्धजनों के चेहरे पर मुस्कान लाकर मिली सच्ची खुशी : डॉ बबीता गुप्ता

मुरादाबाद, 13 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में ब्यूटीफुल लेडीज क्लब द्वारा मिलन विहार स्थित वृद्ध जन आवास वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों के लिए रविवार को एक स्नेहपूर्ण लंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्लब की सभी सदस्याओं ने बुजुर्गों को बड़े आदरभाव से भोजन परोसा और उनके साथ आत्मीय समय बिताकर खुशियाँ साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान क्लब की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. बबीता गुप्ता ने कहा, बुजुर्ग हमारे समाज की मजबूत नींव और हमारी धरोहर हैं। उनके जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें हमारे समय और अपनेपन की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। उनके साथ कुछ पल बिताना और उनके चेहरों पर सच्ची मुस्कान लाना ही हमारे क्लब की स्थापना का वास्तविक ध्येय है।

क्लब की अध्यक्ष डॉ पायल पुरी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा, यह आयोजन केवल एक दोपहर का भोजन प्रदान करने का प्रयास नहीं है, बल्कि समाज के वरिष्ठ सदस्यों के प्रति हमारी कृतज्ञता, संवेदनशीलता और एक गहरा मानवीय जुड़ाव प्रदर्शित करने की एक छोटी सी कोशिश है। हमारा क्लब आगे भी ऐसे सेवा कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

क्लब की सचिव डॉ रितु श्रीधर एवं कोषाध्यक्ष डॉ रूबी चुघ ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सदस्याओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मिसेज रेनू खन्ना, डॉक्टर सुमन अग्रवाल,मिसेज स्नेहा भारद्वाज, डॉक्टर प्रियल गुप्ता,डॉक्टर श्रुति खन्ना, डॉक्टर प्रीति गुप्ता, डॉक्टर निधि ठाकुर, डॉक्टर शिवानी गर्ग, मिसेज अंजुषा रस्तोगी,डाॅ शिल्पा अग्रवाल, डॉक्टर शुभांगी अग्रवाल, डॉक्टर अंका कुमार आदि सदस्याएं उपस्थित रहीं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story