चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त ने लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम के लिये दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त ने लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम के लिये दिए सख्त निर्देश


प्रभावित गोवंश का सघन रिंग वैक्सीनेशन कराने के आदेश

बांदा, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने मंडल के चारों जनपदों बांदा, महोबा, चित्रकूट और हमीरपुर में लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) के संक्रमण की रोकथाम के लिए विशेष प्राथमिकता के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलाधिकारियों एवं मुख्य विकास अधिकारियों को प्रभावित गोवंश का सघन रिंग वैक्सीनेशन कराकर संक्रमण को स्थानीय स्तर पर नियंत्रित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने प्रमुख सचिव, पशुधन अनुभाग-2, उत्तर प्रदेश शासन के पत्र का जिक्र करते हुए बताया कि लम्पी स्किन डिजीज गोवंश में होने वाला विषाणुजनित संक्रामक रोग है। इसका संक्रमण प्रभावित पशुओं से मच्छर, मक्खी आदि वाहकों के माध्यम से अन्य पशुओं में तेजी से फैल सकता है। इसे देखते हुए रोकथाम, उपचार और आवश्यक सावधानियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों में सघन रिंग वैक्सीनेशन कराया जाना जरूरी है।

उन्होंने पशुपालन, ग्राम विकास एवं पंचायतीराज विभाग के विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गौशाला संचालकों के साथ नियमित जनजागरूकता बैठकें कराने के निर्देश दिए। साथ ही एलएसडी वैक्सीन की उपलब्धता और कोल्डचेन व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने तथा जनपदवार कुल गोवंश, प्रभावित, उपचारित, उपचाराधीन और मृत गोवंश का आंकड़ा तैयार करने को कहा।

आयुक्त ने सूचना विभाग को प्रेस एवं जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लम्पी स्किन डिजीज से बचाव, रोकथाम, उपचार और सावधानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। पैरावेट, पशुमित्रों और एसआरएलएम के तहत प्रशिक्षित पशु सखियों को आवश्यक प्रशिक्षण देकर टीकाकरण अभियान में शामिल करने को भी कहा गया है।

उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर अवकाश स्वीकृत न करने के निर्देश दिए, ताकि संक्रमण की रोकथाम और टीकाकरण अभियान में किसी प्रकार की बाधा न आए।

आयुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी आदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्रभावित गोवंश का सघन रिंग वैक्सीनेशन कराया जाए। साथ ही की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story