कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के लिए लखनऊ में 24 को आयोजित होगी जोनल कान्फ्रेन्स-2026

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी स्थित एक होटल में 24 अप्रैल को 'जोनल कान्फ्रेन्स-2026' का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन की अध्यक्षता भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करना और क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस जोनल कान्फ्रेन्स में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखण्ड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के कृषि मंत्रीगण प्रतिभाग करेंगे। इसके अतिरिक्त केन्द्र शासित प्रदेश चण्डीगढ़ एवं लद्दाख के प्रशासक तथा भारत सरकार के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी इस सम्मेलन का हिस्सा बनेंगे।

यह कार्यक्रम 24 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे से प्रारम्भ होकर सायं 7:30 बजे तक प्रस्तावित है। पूरे दिन चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न सत्रों के माध्यम से कृषि विकास और किसानों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं और चुनौतियों पर विस्तार से संवाद किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रेस कान्फ्रेन्स और मीडिया ब्रीफिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी भी साझा की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story