लखनऊ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का हुआ आगाज, 12 फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग की गई
लखनऊ, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को कला और सिनेमा के महाकुंभ 'लखनऊ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल' का आगाज़ हुआ। समारोह का उद्घाटन वरिष्ठ अभिनेता डॉ.अनिल रस्तोगी और फेस्टिवल के संस्थापक व आयोजक आयूब खान ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान भारतीय सिनेमा की सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। फेस्टिवल के पहले दिन ज्यूरी द्वारा चयनित 12 फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग की गई, जो देर तक चली। प्रदर्शित प्रमुख फिल्मों में जसवंत सिंह झज्ज द्वारा निर्मित और अमरदीप सिंह गिल द्वारा निर्देशित फिल्म 'पाणी द वॉटर, आशा सकलानी द्वारा निर्मित व देबू रावत द्वारा निर्देशित फिल्म 'निखान्या जोग, ओमकार राउत द्वारा निर्मित और जतिंदर सैराज निर्देशित 'मिशन परफॉरमेंस',आतिश कुमार राउत की फिल्म 'आरव' (निर्देशिका सबिता), चरणपाल सिंह की 'लॉर्ड्स सिग्नल' शामिल रहीं। इस अवसर पर फिल्म जगत के नामचीन कलाकार, निर्माता, निर्देशक और तकनीकी विशेषज्ञ भी मौजूद रहे, जिन्होंने दर्शकों के साथ सिनेमाई बारीकियों पर चर्चा की। आयोजन के संस्थापक आयूब खान ने बताया कि यह फेस्टिवल विश्व सिनेमा और स्थानीय प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान करने का एक निरंतर प्रयास है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय

