लखनऊ समेत प्रदेश के 25 जिलों में अधिवक्ताओं ने लाठीचार्ज के विरोध में किया प्रदर्शन, मनाया काला दिवस

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ समेत प्रदेश के 25 जिलों में अधिवक्ताओं ने लाठीचार्ज के विरोध में किया प्रदर्शन, मनाया काला दिवस


लखनऊ, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अवैध चैंबर तोड़े जाने पर व अधिवक्ताओं पर की गई लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को लखनऊ समेत प्रदेश 25 जिलों में वकीलों ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।

दरअसल लखनऊ में कैसरबाग अंतर्गत कोर्ट परिसर के बाहर अवैध चैंबर पर कोर्ट के आदेश पर बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान विरोध कर रहे अधिवक्ताओं पर पुलिस को बल प्रयोग (लाठीचार्ज) करना पड़ा था। इस लाठीचार्ज से अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया और सोमवार को वकीलों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। इसके विरोध में अधिवक्ताओं ने बार एसोसिएशन के आह्वान पर आज काला दिवस मनाया। इसका समर्थन राजधानी के साथ प्रदेश के कई जिलों में अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया। दूसरी तरफ इसे लेकर सेंट्रल बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं की बैठक बुलाई जिसके बाद कई जिलों में अधिवक्ता हड़ताल पर चले गए हैं।

अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार का ऐलान किया है। इस ऐलान के बाद लखनऊ, फर्रुखाबाद, बांदा, बरेली, देवरिया, वाराणसी समेत 25 जिलों में अधिवक्ताओं का कार्य बहिष्कार किया। कार्य बहिष्कार मंगलवार को भी जारी रहेगा।

लखनऊ में अधिवक्ताओं ने काला दिवस मनाते हुए बार एसोसिएशन के आह्वान पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और चैंबर व्यवस्था की मांग की। अधिवक्ताओं ने कहा कि मांगे पूरी न हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

वहीं वकीलों के विरोध को देखते हुए आज लखनऊ कचहरी में पुलिसकर्मी नहीं दिखे और पूरा परिसर खाकी मुक्त दिखा। अधिवक्ता अमर बहादुर ने बताया कि मामले में बार एसोसिएशन ने 20 मई को जिला स्तरीय पदाधिकारियों का आह्वान किया गया है। इस मामले में आरोपित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं की जाएगी तब तक विरोध जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story