जौनपुर में एलपीजी गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़, तीन जनसेवा केंद्रों से 81 सिलेंडर बरामद

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में एलपीजी गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़, तीन जनसेवा केंद्रों से 81 सिलेंडर बरामद


जौनपुर में एलपीजी गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़, तीन जनसेवा केंद्रों से 81 सिलेंडर बरामद


जौनपुर, 15 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है। खुटहन थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में तीन जनसेवा केंद्रों से कुल 81 एलपीजी गैस सिलेंडर (भरे और खाली) बरामद किए गए हैं। इस मामले में तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर खुटहन थानाध्यक्ष रामाश्रय राय और पूर्ति निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह की संयुक्त टीम ने रविवार को कार्रवाई करते हुए धम्मौर और बंधनपुर स्थित जनसेवा केंद्रों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर मिलने से अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया।

मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद खुटहन थाना प्रभारी रामाश्रय राय ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत तीनों जनसेवा केंद्र संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया और दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

पूर्ति निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र के कुछ जनसेवा केंद्र संचालक पिछले एक सप्ताह से बड़े पैमाने पर एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी को अवगत कराते हुए छापेमारी की योजना बनाई गई।

पहली छापेमारी धम्मौर खास निवासी सीएससी संचालक जितेंद्र प्रजापति के घर और बैंकिंग सेंटर पर की गई, जहां से सबसे अधिक 49 गैस सिलेंडर बरामद हुए। दूसरी कार्रवाई बंधनपुर निवासी बृजेश प्रजापति के केंद्र पर हुई, जहां से 15 सिलेंडर मिले। वहीं तीसरी छापेमारी धम्मौर निवासी अशोक विश्वकर्मा के केंद्र पर की गई, जहां से 17 भरे और खाली सिलेंडर बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और गैस कालाबाजारी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story