फांसी का फंदा तो टूट गया, पर पत्थर से टकराने से प्रेमिका के सामने प्रेमी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
फांसी का फंदा तो टूट गया, पर पत्थर से टकराने से प्रेमिका के सामने प्रेमी की मौत


झांसी, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में बड़ागांव थाना क्षेत्र के बिरगुवां गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। प्रेमिका की आंखों के सामने 40 वर्षीय युवक ने पेड़ पर गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि फंदा टूट गया, लेकिन युवक नीचे पत्थरों पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के जेरोन थाना क्षेत्र के जेरा खास गांव निवासी लखन के रूप में हुई है। उसकी प्रेमिका लक्ष्मी ने बताया कि वह करीब चार साल पहले फैक्ट्री में काम करने के दौरान लखन के संपर्क में आई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गई। लगभग तीन साल पहले वह अपने पति और बच्चों को छोड़कर लखन के साथ रहने लगी थी। दोनों ग्वालियर और मुंबई में रहकर मजदूरी करते रहे और करीब 15 दिन पहले बिरगुवां गांव आए थे।

लक्ष्मी के अनुसार, लखन शराब पीने का आदी था। बुधवार सुबह उसने जूते खरीदने के लिए पैसे लिए, लेकिन शराब पीकर लौट आया। इसकाे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। कुछ देर बाद वह घर से निकल गया। जब वह उसे तलाशते हुए गांव के स्कूल के पास मंदिर परिसर पहुंची तो देखा कि लखन पेड़ पर चढ़कर गमछे का फंदा बना रहा है। उसने काफी रोकने की कोशिश की, लेकिन लखन ने फंदा गले में डालकर छलांग लगा दी। फंदा टूटने से वह नीचे पत्थरों पर गिर पड़ा। लक्ष्मी ने तुरंत फंदा हटाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद लक्ष्मी का रो-रोकर बुरा हाल है। उसने बताया कि लखन ने जीवनभर साथ निभाने का वादा किया था, लेकिन अब वह उसे अकेला छोड़कर चला गया। दो दिन पहले दोनों ने साथ में फोटो खिंचवाई थी, जिसे सीने से लगाकर और चूमते हुए वह फूट-फूटकर रोती रही। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बड़ागांव थाना प्रभारी बलिराज शाही ने बताया कि मामले में परिजनों ने लिखकर दिया है कि लखन ने आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कार्रवाई प्रचलित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story