प्रेमी युगल ने अलग अलग स्थानों पर फांसी लगा कर दी जान

WhatsApp Channel Join Now

फर्रुखाबाद,06 अगस्त (हि. स.)। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में 22 वर्षीय युवक और 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शव अलग-अलग स्थानों पर फंदे से लटके मिले। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और परिजनों से पूछताछ की।

बताया गया है कि युवक का शव घर से करीब 500 मीटर दूर काली नदी के किनारे एक पेड़ पर लटका हुआ मिला। परिजन उसे घर ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया। युवक डीजे संचालक के रूप में काम करता था। वहीं, गुरुवार को युवती ने घर के भीतर ही फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने उसे तुरंत नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

युवती भोगांव में रहकर बीएससी की पढ़ाई कर रही थी और परिवार में सबसे छोटी संतान थी। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग होने और पूर्व में कोर्ट मैरिज किए जाने की चर्चा भी है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

ग्राम प्रधान के माध्यम से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची, लेकिन तब तक दोनों का अंतिम संस्कार हो चुका था। थाना प्रभारी अमोद कुमार सिंह ने बताया कि बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार करना उचित नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत मिलती है तो मामले की गहन जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story