औरैया पुलिस ने 111 गुम मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
औरैया पुलिस ने 111 गुम मोबाइल बरामद कर लोगों को लौटाए


औरैया, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए 111 मोबाइल फोन रविवार को उनके मालिकों को वापस किए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई जा रही है। यह सफलता स्वाट टीम और सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयासों से मिली, जिन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार मेहनत कर खोए हुए मोबाइलों को ट्रेस किया।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में तकनीकी संसाधनों और आधुनिक ट्रैकिंग सिस्टम का प्रभावी उपयोग किया गया। टीम ने मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस की और संबंधित व्यक्तियों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बरामद किया। इसके बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए, जिससे लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।

इस अभियान में प्रभारी सर्विलांस उपनिरीक्षक समित चौधरी और प्रभारी स्वाट उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार की टीम की अहम भूमिका रही। उनकी सक्रियता और समर्पण के कारण इतने बड़े स्तर पर मोबाइल रिकवरी संभव हो सकी।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन खो जाए या चोरी हो जाए, तो तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए मोबाइल का बिल, आईएमईआई नंबर, आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र साथ ले जाना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने और ‘संचार साथी’ ऐप डाउनलोड करने की भी सलाह दी, ताकि मोबाइल को जल्द से जल्द ट्रैक किया जा सके।

औरैया पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में भरोसा बढ़ा है और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story