राम और कृष्ण दो नहीं, एक हैं; प्रभु की लीलाओं को सियासी विवाद का विषय न बनाएं : इंद्रेश जी महाराज

WhatsApp Channel Join Now
राम और कृष्ण दो नहीं, एक हैं; प्रभु की लीलाओं को सियासी विवाद का विषय न बनाएं : इंद्रेश जी महाराज


राम और कृष्ण दो नहीं, एक हैं; प्रभु की लीलाओं को सियासी विवाद का विषय न बनाएं : इंद्रेश जी महाराज


उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने व्यास पीठ का लिया आशीर्वाद

बांदा, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में पं. जेएन कॉलेज मैदान में आयोजित पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा के तीसरे दिन शनिवार को भक्ति और आध्यात्मिक रस की अविरल धारा बही। कथा श्रवण के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े। इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कथा पंडाल पहुंचकर व्यास पीठ को प्रणाम किया और इंद्रेश जी महाराज का आशीर्वाद लिया। तीसरे दिन की कथा में महाराज जी ने भक्ति मार्ग और पुष्टि मार्ग के महान संत सूरदास जी के पावन चरित्र का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

व्यास पीठ से इंद्रेश जी महाराज ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की लीलाओं को लेकर मौजूदा समय में उठने वाले विवादों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राम और कृष्ण दो नहीं, बल्कि एक ही तत्व के स्वरूप हैं। भगवान श्रीराम के नयन जहां धीर-गंभीर हैं, वहीं श्रीकृष्ण की लीलाएं मधुर और चंचल हैं। ब्रज, अयोध्या और चित्रकूट के भक्तों के बीच राम-कृष्ण को लेकर सदियों से प्रेमपूर्ण नोकझोंक होती रही है, लेकिन प्रभु की लीलाओं को सियासी स्वार्थ के लिए विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है। भगवान की लीलाओं को श्रद्धा और भक्ति की दृष्टि से समझना चाहिए।

इंद्रियों की वास्तविक तृप्ति का आध्यात्मिक रहस्य समझाते हुए महाराज जी ने श्रीमद्भागवत के वेणुगीत 'अक्षण्वतां फलमिदं न परं विदामः' का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इंसान अपनी आंखों को स्विट्जरलैंड, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, कश्मीर, मनाली और समुद्र की कितनी भी सुंदरता दिखा ले, लेकिन जब तक श्यामसुंदर अथवा श्री राघवेंद्र सरकार के दर्शन नहीं होते, तब तक आंखों की वास्तविक तृप्ति नहीं होती। इसी तरह कान ठाकुर जी के वचनामृत, हाथ प्रभु के चरण स्पर्श और जिह्वा ठाकुर जी के अधरामृत प्रसाद के बिना पूर्ण संतुष्टि प्राप्त नहीं कर सकती।

इसके बाद महाराज जी ने दिल्ली और मथुरा के बीच स्थित सीही ग्राम में संत सूरदास जी के प्राकट्य और उनके जीवन प्रसंगों का वर्णन शुरू किया। उन्होंने सूरदास जी के अमर पद 'हरि दर्शन की प्यासी अखियां, देखो चाहत कमल नयन को, निस दिन रहत उदासी...' का सस्वर गायन किया तो पूरा पंडाल भक्तिरस में सराबोर हो गया। महाराज जी ने कहा कि ऐसे गहन भक्ति और रस से परिपूर्ण प्रसंगों को सुनने का अवसर सामान्यतः सीमित श्रोताओं को मिलता है, लेकिन यहां हजारों श्रद्धालुओं की शांत और अनुशासित उपस्थिति सराहनीय है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से भजनों और संतों के पदों को सामूहिक रूप से गाने का आग्रह किया। कहा कि 'बरसाने की छोरी राधा गोरी-गोरी' जैसे भजनों को गाकर हम स्वयं प्रसन्न होते हैं, जबकि सूरदास जी के पदों से स्वयं श्यामसुंदर प्रसन्न होते हैं। सूरदास जी की अनन्य भक्ति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जन्म से नेत्रहीन होने को भी संत सूरदास प्रभु की कृपा मानते थे। उनका मानना था कि उनके नेत्र संसार के दृश्यों से अछूते रहे और केवल हरि दर्शन की प्रतीक्षा में रहे।

हनुमान जी की प्रभु श्रीराम के प्रति अगाध प्रेम भावना का प्रसंग सुनाते हुए महाराज जी ने बताया कि सूर्यास्त के समय जब प्रभु श्रीराम कनक भवन में प्रवेश करते हैं तो हनुमान जी अपने गुरु सूर्यनारायण से अस्ताचल न जाने की प्रार्थना करते हैं, ताकि प्रभु के दर्शन बने रहें। पूरी रात द्वार पर बैठकर वे प्रभु के वियोग में नेत्रों की पीड़ा सहते हैं। इन प्रसंगों के माध्यम से महाराज जी ने श्रद्धालुओं को सच्ची भक्ति, समर्पण और प्रभु प्रेम का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785032 Articles

Share this story