अक्षय तृतीया पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान में मनाया गया भगवान परशुराम का जन्मोत्सव, केशवदेव जी का हुआ भव्य श्रृंगार

WhatsApp Channel Join Now
अक्षय तृतीया पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान में मनाया गया भगवान परशुराम का जन्मोत्सव, केशवदेव जी का हुआ भव्य श्रृंगार


मथुरा, 20 अप्रैल (हि.स.)। सोमवार बैसाख शुक्ल तृतीया श्रीकृष्ण जन्मस्थान (जन्मभूमि) पर अक्षय तृतीया के अवसर पर भगवान परशुरामजी के भव्य पंचामृताभिषेक कार्यक्रम एवं श्रीकेशवदेव मंदिर एवं श्रीराधाकृष्ण मंदिर में चन्दन श्रृंगार के भव्य दर्शन हुऐ।

सोमवार शाम श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि भगवान श्रीविष्णु जी के षष्ठम् अवतार भगवान परशुराम जी ने हैहय वंशी राजा के घोर अत्याचारों से मुक्ति दिलाई तथा 21 बार इस भू-मंडल पर अत्याचार करने वालों समाप्त कर संपूर्ण पृथ्वी को कश्यप ऋषि को सौंप दिया। शास्त्रों में उल्लेख है कि भगवान परशुराम आज भी महेन्द्र पर्वत पर तपस्यारत है और कलियुग में पधारने वाले कल्कि भगवान को इनके द्वारा शास्त्र एवं शस्त्र की दीक्षा दी जायेगी। ऐसे चिरजीवी भगवान परशुरामजी का भव्य जन्मोत्सव भागवत भवन में धूमधाम से पंचोपचार पूजन व अभिषेक कर विधिविधानपूर्वक मनाया गया। वे आज भी हमें अत्याचार के विरूद्ध संघर्ष की सतत प्रेरणा दे रहे है। इस अवसर पर हजारों भक्तों को पंचामृत एवं प्रसाद वितरण किया गया।

सोमवार अक्षय तृतीया के अवसर पर श्रीकेशवदेव जी व भागवत भवन में विराजमान श्रीकृष्ण के विग्रह का विशिष्ट चन्दन अंगार में दर्शनों को स्थानीय भक्तों के साथ-साथ दूर-दराज से भी बहुत बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुँचे। श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में स्थित श्रीकेशवदेव मंदिर में परंपरागत रूप से होने वाले ठाकुरजी के चन्दन अंगार एवं पुष्पबंगले के दर्शन, प्रातःकाल से रात्रि शयन आरती तक निरन्तर होते रहे। इस विशिष्ट चन्दन श्रृंगार की तैयारी के लिए मंदिर पूजचार्य एवं सेवक विगत कई सप्ताह से चन्दन सामग्री आदि की तैयारी कर रहे थे। ठाकुर श्रीकेशवदेव जी एवं श्रीराधाकृष्ण जी के श्रीविग्रह के मनोहारी दर्शन कर स्थानीय भक्तगण ही नहीं अपितु दूरदराज से आने वाले हजारों श्रद्धालु भी अभिभूत हो उठे। ठाकुर श्रीकेशवदेवजी एवं श्रीराधाकृष्ण जी के श्रीविग्रहों की विशेष पोशाक एवं चन्दन का श्रृंगार अत्यन्त ही मनोहारी एवं दर्शनीय था।

इस अवसर पर संस्थान के उप प्रबन्धक अनुराग पाठक, प्रभारी जनसंपर्क विजय बहादुर सिंह मंदिर पूजाचार्य विन्ध्येश्वरी प्रसाद अवस्थी, आचार्य श्रीमहेश चन्द्र शर्मा एवं सनातन पण्डा सहित अन्य जन की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story