भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श समाज को सही दिशा देने वाले : शिवराम सिंह
कानपुर, 19 मई (हि.स.)। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने वाली प्रेरणा है। आज परिवार, समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने के लिए संस्कार, सम्मान और मर्यादा बेहद जरूरी है। यह बातें मंगलवार को भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान कहीं।
भाजपा कानपुर दक्षिण की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कार्यकर्ताओं को पीवीआर में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित फिल्म “कृष्णावतारम” दिखाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। फिल्म में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, धर्म, नीति, करुणा और समाज को दिए गए संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। फिल्म का मुख्य संदेश रहा कि पुरुषों में अहंकार नहीं होना चाहिए, महिलाओं में ईर्ष्या का भाव नहीं होना चाहिए और समाज में नारी का सदैव सम्मान होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान शिवराम सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परम्परा में नारी सम्मान को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार महिला सम्मान और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं। केंद्र सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है, जिससे महिलाओं को समाज में मजबूत स्थान मिल रहा है।
कार्यकर्ताओं ने फिल्म को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस प्रकार की फिल्मों से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सनातन परंपराओं की जानकारी मिलती है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, अर्जुन बेरिया, जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी, विनय मिश्रा, कमलजीत सिंह बग्गा, प्रवीण मिश्रा, अंकुर गुप्ता, लक्ष्मी नारायण निषाद, संजय तिवारी, पवन दीक्षित, रानू शुक्ला, अमन शुक्ला, सपना शर्मा और आशा पांडे समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

