श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर भगवान जगन्नाथ की स्नानयात्रा संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर भगवान जगन्नाथ की स्नानयात्रा संपन्न


जगन्नाथ स्वामी के जयकारों से गूंजा जन्मस्थान परिसर

मथुरा, 29 जून (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर सोमवार शाम भगवान जगन्नाथजी की स्नानयात्रा का परंपरागत आयोजन विधिविधानपूर्वक किया गया। इस संबंध में श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान द्वारा सूचनानुसार ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा तद्नुसार सोमवार की सांय 6 बजे से धार्मिक अनुष्ठानों के मध्य श्रीभागवत-भवन में स्थित भगवान श्रीजगन्नाथजी का शास्त्रों के अनुरूप वैदिक मंत्रोच्चारण एवं झांझ, मजीरों की ध्वनि के मध्य विधि-विधान से गौदुग्ध, शर्करा, गौघृत, शहद एवं दही आदि से पंचामृत अभिषेक कर स्नानयात्रा अनुष्ठान की पूजा सेवा संपन्न हुई।

ऐसी मान्यता है कि भगवान इस स्नानयात्रा के बाद बीमार हो जाते हैं। अब भगवान जगन्नाथ जी स्वास्थ लाभ करेंगे। तद्नुसार भगवान जगन्नाथजी के दर्शन भक्तों को आगामी 15 दिन तक नहीं होंगे। आपाढ़ शुक्ल द्वितीया तद्नुसार 16 जुलाई 2026 को भगवान जगन्नाथजी, अपने बड़े भ्राता बलभद्रजी एवं बहन सुभद्राजी के साथ रथ में विराजमान होकर यात्रा करते हुऐ नगर भ्रमण करेंगे। भगवान जगन्नाथजी की स्नानयात्रा सेवा-पूजा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा-संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य श्री गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, डा० रोशन लाल एवं मंदिर के पूजाचार्यगण आदि की विशेष सहभागिता रही। ज्ञातव्य हो कि देश-दुनिया में भगवान जगन्नाथ जी के मंदिरों में ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा से भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का शुभारम्भ हो जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story