धवल चांदनी में विराजे ठाकुर द्वारकाधीश, अलौकिक दर्शन पाकर निहाल हुए देश-विदेश के भक्त
मथुरा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। रविवार देर सायं पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के प्रसिद्ध मंदिर ठाकुर द्वारकाधीश में शरद पूर्णिमा का पर्व अत्यंत हर्षाेल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर ठाकुर राजाधिराज धवल (सफेद) चाँदनी में विराजमान होकर अपने भक्तों को मनोहारी दर्शन दिए, जिनकी एक झलक पाने के लिए देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।
रविवार देरशाम मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी (एडवोकेट) ने जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर के गोस्वामी श्री श्री 108 डॉ. वागीश कुमार जी महाराज के पावन मार्गदर्शन और आदेशानुसार सभी धार्मिक कार्यक्रमों का निर्धारण किया जाता है। शरद पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर ठाकुर जी को विशेष प्रसाद के रूप में खीर, राबड़ी इत्यादि सफेद वस्तुओं का भोग अर्पित किया गया। धवल चाँदनी और श्वेत वस्त्रों में सजे आराध्य के इस अलौकिक दर्शन का आनंद लेने पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में पहुंचकर अपने इष्टदेव के दर्शन किए और खुद को धन्य महसूस किया। इस भव्य आयोजन और दर्शन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में मंदिर के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे मनोयोग से अपनी सेवाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

