बांकेबिहारी के दर्शन को लगी 500 मीटर लंबी कतारें, चरमराई यातायात व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
बांकेबिहारी के दर्शन को लगी 500 मीटर लंबी कतारें, चरमराई यातायात व्यवस्था


दीवाली के बाद पहले वीकेंड पर वृंदावन में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

मथुरा, 14 नवम्बर (हि.स.)। दीवाली पर्व के ठीक बाद आए इस पहले वीकेंड पर धर्मनगरी वृंदावन में देश के कोने-कोने से पहुंचे श्रद्धालुओं का ऐसा भारी सैलाब उमड़ा कि पूरी यातायात व्यवस्था धरी की धरी रह गई। शनिवार सुबह से ही आराध्य ठाकुर श्रीबांकेबिहारीजी के अलौकिक दर्शनों के लिए मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं का तांता लग गया। भक्तों के अथाह उत्साह के चलते मंदिर के बाहर लगभग 500 मीटर लंबी कतारें नजर आईं, जबकि शहर की हर गली और हर रास्ते पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची।

समान्यतया शनिवार और रविवार को पर्यटकों की अच्छी खासी आमद रहती है, लेकिन इस बार दीवाली के बाद पड़े इस पहले वीकेंड पर उमड़ी रिकॉर्ड भीड़ ने शहर के सभी प्रबंधन इंतजामों की परीक्षा ले ली। बांकेबिहारी मंदिर की ओर जाने वाले सभी संपर्क मार्ग और संकरी गलियां पूरी तरह से चोक हो गईं। भीड़ के इस भारी दबाव के कारण श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने के लिए घंटों जद्दोजहद करनी पड़ी। हालांकि, जैसे ही मंदिर के पट खुले, पूरा वातावरण भक्तों के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की संख्या में अचानक हुए बेतहाशा इजाफे का सीधा असर स्थानीय ट्रैफिक सिस्टम पर पड़ा। वृंदावन के प्रवेश द्वारों से लेकर प्रमुख मार्गों, तिराहे-चौराहों और पार्किंग स्थलों के आसपास दिनभर भीषण जाम की स्थिति बनी रही, जिससे स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

भीड़ के इस भारी दबाव से निपटने के लिए पुलिसकर्मी सुबह से ही मुस्तैद नजर आए और लगातार जाम खुलवाने के प्रयास करते रहे, लेकिन श्रद्धालुओं की असीम संख्या के आगे इंतजाम नाकाफी साबित होते दिखे।

इस संबंध में सीओ वृंदावन संदीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वीकेंड पर भारी भीड़ उमड़ने का अंदेशा पहले से ही था, जिसके चलते पुलिस की तमाम व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद की गई थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ स्थानों पर यातायात का दबाव जरूर बढ़ा और गाड़ियां रेंगती नजर आईं, लेकिन स्थिति को नियंत्रित रखते हुए यातायात को पूरी तरह ठप नहीं होने दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777262 Articles

Share this story