2100 दीपों की रोशनी से जगमगाया लोधेश्वर धाम, पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने किया दीपोत्सव
बाराबंकी, 07 नवंबर (हि.स.)। छोटी दीपावली के पावन पर्व पर महादेवा स्थित प्रसिद्ध श्री लोधेश्वर महादेव धाम में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने भगवान श्री लोधेश्वर महादेव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके उपरांत मंदिर परिसर में 2100 दीप प्रज्वलित किए गए। हजारों दीपों की जगमगाती रोशनी से पूरा मंदिर परिसर आलोकित हो उठा। दीपों की मनमोहक छटा ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस दौरान पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने कहा कि दीपावली प्रकाश, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का पर्व है। दीप प्रज्वलित करना अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने भगवान लोधेश्वर महादेव से समस्त क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। साथ ही सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और आस्था के संरक्षण का संदेश दिया।
दीपोत्सव में मंडल अध्यक्ष महादेव अमित सिंह, मंडल अध्यक्ष रामनगर विनय प्रकाश मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश शुक्ला, बीडीसी कमलेश अवस्थी, ग्राम प्रधान राजन तिवारी, प्रवेश शुक्ल (नानमून), मंडल उपाध्यक्ष राजेश अवस्थी, मंडल महामंत्री रवि शर्मा, उमेश तिवारी, चंदन मिश्रा, कल्लू सिंह, भारत चौरसिया एवं अभिषेक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।
हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष के बीच दीपोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

