22 जनवरी को लोधेश्वर महादेव मंदिर सजाया जाएगा

WhatsApp Channel Join Now
22 जनवरी को लोधेश्वर महादेव मंदिर सजाया जाएगा


बाराबंकी, 13 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को नवनिर्मित राम मंदिर में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा की जायेगी। प्राण प्रतिष्ठा के दिन महाभारत कालीन लोधेश्वर महादेवा तीर्थ स्थल को सजाया जाएगा। सुबह विशेष पूजा अर्चना होगी, इसके बाद सुंदर कांड का पाठ होगा। तत्पश्चात भंडारा किया जाएगा, जिसमें सभी लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे। निवर्तमान विधायक शरद अवस्थी यह आयोजन करेंगे, जिसकी सम्पूर्ण रुपरेखा तैयार कर ली गई है।

विधायक शरद अवस्थी ने शनिवार को बताया कि महाभारत कालीन पौराणिक तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेवा के तीनों गेट तथा मंदिर सजवाया जाएगा। दो दिन पहले से मंदिर परिसर में साफ सफाई अभियान चलेगा। 22 जनवरी को सुबह लोधेश्वर महादेव शिवलिंग की कार्यकर्ताओं के साथ विशेष पूजा अर्चना कर जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद सुंदर कांड पाठ होगा।

अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद भंडारा चलेगा, जिसमें लोग प्रसाद ग्रहण करेंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं सहित सभी भगवत प्रेमियों को बुलाया गया है। कार्यक्रम की तैयारियां हो चुकी हैं। कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दे दी गई हैं। मंदिर आने वाले सभी लोग घर से पांच-पांच दीपक लाकर मंदिर प्रांगण में दीप प्रज्जवलित कर खुशियां मनाएंगे।

मंदिर पुजारी आदित्य तिवारी ने बताया कि सारी व्यवस्थाएं हो रही हैं। 14 जनवरी से ही मंदिर में सारे कार्यक्रम शुरू हो जायेंगे और 22 जनवरी को पूजा पाठ के साथ पूरा परिसर सजाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/मोहित

Share this story