लखनऊ के गोमती नदी में युवक-युवती ने लगाई छलांग, तलाश जारी
लखनऊ, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित घैला पुल से गोमती नदी में अज्ञात युवक एवं युवती ने छलांग लगा दी। पुलिस और एसडीआरएफ टीम खोज में जुट गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, थाना स्थानीय पर सूचना प्राप्त हुई कि घैला पुल से गोमती नदी में किसी के कूदने की घटना हुई है। सूचना प्राप्त होते ही थाना स्थानीय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंची, जहां काफी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित मिले।
मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी करने पर बताया गया कि पहले एक युवक और उसके बाद एक युवती घैला पुल से गोमती नदी में कूद गए। उनके बारे में किसी को भी कोई जानकारी नहीं हैं।
इधर, घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस टीम स्थानीय नाविकों की सहायता से नदी में कूदे अज्ञात युवक एवं युवती की तलाश संभावित स्थानों पर की गई, लेकिन अभी तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। वर्तमान में एसडीआरएफ, स्थानीय नाविकों एवं गोताखोरों की मदद से गोमती नदी में दोनों की तलाश की जा रही है। खबर लिखे जाने तक उनके बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

