लखनऊ : पुलिस बैरक में फांसी पर लटका मिला आरक्षी का शव
लखनऊ, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर थाना की बैरक में रविवार को एक आरक्षी ने फांसी लगाकर जान दे दी है।
गोमतीनगर थाना प्रभारी ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि रविवार की शाम को आरक्षी सतीश खरवार ने उन्हें जानकारी दी कि थाना परिसर स्थित पुरुष बैरक के सबसे ऊपरी तल के दाहिनी ओर की बैरक अंदर से बंद है। झाककर देखा तो आरक्षी आकाश यादव का शव चादर के सहारे फांसी पर लटका हुआ है। सूचना पाकर मौके पर थाना प्रभारी और पुलिस के अधिकारी पहुंच गये। अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरक्षी आकाश मूलरूप में बिजनौर जनपद के ग्राम खेड़की का रहने वाला है। घटना के बारे में परिवार को जानकारी देते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

