लखनऊ के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी
लखनऊ, 13 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली हैं। सूचना के बाद वजीरगंज पुलिस ने बम निरोधक दस्ता टीम ने कोर्ट परिसर में संघन चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली। एहतियातन तौर पर पुलिस ने कोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी है।
थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार दोपहर को सिविल कोर्ट के अधिकारिक ईमेल पर एक मैसेज मिला। इसमें लिखा था कोर्ट रूम को जिलेटिन बम से उड़ा दिया जाएगा। इस सूचना के बाद टीम ने बम निरोधक दस्ता के साथ चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इसके बाद जांच की गई तो पता चला कि धमकी भरा मेल प्रबाजानी लखनवी की आईडी से आया था। इस संबंध मुकदमा दर्ज कर साइबर क्राइम सेल ने जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

