पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ‘नारी शक्ति वंदन’ का सजीव प्रसारण, छात्राओं ने रंगोली व पदयात्रा से जताया समर्थन

WhatsApp Channel Join Now
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ‘नारी शक्ति वंदन’ का सजीव प्रसारण, छात्राओं ने रंगोली व पदयात्रा से जताया समर्थन


जौनपुर,17 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में शुक्रवार को ‘नारी शक्ति वंदन’ से जुड़े संसदीय सत्र का सजीव प्रसारण सामूहिक रूप से देखा गया। इस दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महिलाओं के सशक्त नेतृत्व और राजनीतिक भागीदारी के समर्थन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

कार्यक्रम के दौरान सभागार में गंभीरता, जागरूकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित सभी लोगों ने इस ऐतिहासिक पहल को भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और समाज में महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कुलसचिव केशलाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह, प्रो. प्रमोद कुमार यादव, कार्यक्रम संयोजक डॉ. जान्हवी श्रीवास्तव सहित प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. गिरिधर मिश्र, प्रो. प्रमोद कुमार, डॉ. रसिकेश, डॉ. मनोज कुमार पांडेय, डॉ. रामांशु प्रभाकर सिंह, डॉ. नितेश जायसवाल एवं अन्य शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इसके पश्चात रज्जू भैया संस्थान में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने ‘नारी शक्ति वंदन’ के समर्थन में आकर्षक रंगोलियां बनाईं। प्रतियोगिता में विभिन्न समूहों के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में प्रो. प्रमोद यादव और प्रो. मिथिलेश सिंह शामिल रहे। वहीं, गुरुवार की देर शाम विश्वविद्यालय के महिला छात्रावास की छात्राओं ने एडिशनल चीफ वार्डन डॉ. अन्नू त्यागी के नेतृत्व में ‘नारी शक्ति वंदन’ के समर्थन में विशाल पदयात्रा निकाली थी। इस पदयात्रा में सभी छात्रावासों की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story