लिंक एक्सप्रेस वे के लिए भूमि खरीदने में लापरवाही करने पर पांच लेखपाल दण्डित
फर्रूखाबाद, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर के निर्देशानुसार जनपद में प्रस्तावित फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना हेतु भूमि क्रय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान पाया गया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप भूमि क्रय कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं की जा रही है, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
प्रगति में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए दाे लेखपालों सौरभ पांडेय एवं अतुल प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से भूलेख कार्यालय से संबद्ध (अटैच) कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त तीन लेखपालों विकास दीक्षित, सुभाष चंद्र एवं सत्येंद्र गंगवार का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक्सप्रेस-वे जैसी महत्वपूर्ण एवं जनहित से जुड़ी परियोजना में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सम्बंधित राजस्व कार्मिकों को अपने दायित्वों के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सम्बंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भूमि क्रय की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना जनपद के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी, निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। अतः सभी सम्बंधित अधिकारी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

