लिंक एक्सप्रेसवे की भूमि अधिग्रहण को लेकर अधिकारियों ने की गांव-गांव बैठक , किसानों को समझाया

WhatsApp Channel Join Now
लिंक एक्सप्रेसवे की भूमि अधिग्रहण को लेकर अधिकारियों ने की गांव-गांव बैठक , किसानों को समझाया


फर्रुखाबाद,6 मई (हि.स.)। अमृतपुर तहसील क्षेत्र में प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासनिक सक्रियता तेज हो गई है। परियोजना में तेजी लाने और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से बुधवार को एसडीएम रविंद्र सिंह और नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह ने विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया।

अधिकारियों की टीम ने बिलालपुर, तुर्कगाटा, ऊजरामऊ, गांधी और नयागांव सहित कई गांवों में पहुंचकर चौपाल लगाई। इन जनसंवाद बैठकों में बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को लिंक एक्सप्रेसवे की उपयोगिता, लाभ और निर्माण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एसडीएम ने बताया कि यह एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क मार्ग नहीं है, बल्कि अमृतपुर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने वाली एक नई दिशा है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन में तेजी आएगी, व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी, बाहरी निवेश आकर्षित होगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

अधिकारियों ने विशेष रूप से उन किसानों से बातचीत की जिनकी भूमि इस परियोजना के दायरे में आ रही है। किसानों की चिंताओं को दूर करते हुए प्रशासन ने आश्वासन दिया कि भूमि अधिग्रहण और बैनामा की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी होगी। शासन द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार सभी को उचित और समयबद्ध मुआवजा प्रदान किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जो किसान समय पर सहयोग करेंगे, उन्हें मुआवजे के भुगतान में प्राथमिकता दी जाएगी।

बाधा डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, आशंकाएं और सुझाव खुलकर साझा किए। अधिकारियों ने प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से सुना और मौके पर ही समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि, प्रशासन ने कड़े शब्दों में यह संकेत भी दिया कि विकास कार्यों और परियोजना में अनावश्यक देरी या बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

इस दौरान लेखपाल अमित शुक्ला भी उपस्थित रहे। उन्होंने राजस्व अभिलेखों, भूमि की माप और मुआवजा प्रक्रिया से संबंधित तकनीकी व विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने मौके पर ही कई लोगों की शंकाओं का समाधान कर भूमि अधिग्रहण की इस जटिल प्रक्रिया को सरल और स्पष्ट बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रशासन की इस सक्रिय पहल और जमीनी स्तर पर सीधे संवाद से यह स्पष्ट हो गया है कि लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना अब अपने निर्णायक चरण में है। यह एक्सप्रेसवे आने वाले समय में अमृतपुर क्षेत्र की तस्वीर बदलने के साथ-साथ पूरे इलाके के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story