बारिश से बचने के लिए शेड में रुके ग्रामीणों पर गिरी आकाशीय बिजली, चार झुलसे , एक रेफर

WhatsApp Channel Join Now
बारिश से बचने के लिए शेड में रुके ग्रामीणों पर गिरी आकाशीय बिजली, चार झुलसे , एक रेफर


देवरिया, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बैतालपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा उस समय हुआ जब धान की रोपाई कर रहे किसान और मजदूर तेज बारिश से बचने के लिए पास स्थित एक मुर्गी फार्म के शेड के नीचे खड़े हो गए थे। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार नगर पंचायत बैतालपुर के वार्ड संख्या-9 आनंद नगर के कई ग्रामीण सुबह खेतों में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कुछ लोग नजदीक के मुर्गी फार्म के शेड में चले गए। अचानक शेड के पास आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में चार लोग आ गए।

हादसे में ऋषिकेश यादव (20), उनके पिता रामप्रवेश यादव (55), रामआश्रय प्रसाद (56) और रानी (17) झुलस गए। बिजली गिरते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। वहीं रामप्रवेश यादव, रामआश्रय प्रसाद और रानी का इलाज देवरिया मेडिकल कॉलेज में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले खेतों, पेड़ों या अस्थायी शेड के नीचे शरण लेने से बचें। मौसम खराब होने पर सुरक्षित भवन में ही ठहरें और मौसम विभाग द्वारा जारी सुरक्षा सलाह का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story