आकाशीय बिजली गिरने से 12 वर्षीय छात्रा की मौत

WhatsApp Channel Join Now

बांदा, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कमासिन थाना क्षेत्र के कतार गांव में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

कतार गांव निवासी रमेश प्रजापति की 12 वर्षीय पुत्री भोली कक्षा आठ की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, भोली गुरुवार को जूनियर स्कूल से पढ़ाई कर घर लौटी थी। खाना खाने के बाद वह घर के पीछे स्थित खेत में बकरी और गाय चराने चली गई। इसी दौरान करीब 10 मीटर की दूरी पर उसकी छोटी बहन अंशिका भी खेल रही थी।

बताया गया कि अचानक तेज चमक और आवाज के साथ आकाशीय बिजली भोली के ऊपर गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमासिन लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. दिनेश राजपूत ने बताया कि शाम करीब 4.15 बजे रमेश प्रजापति अपनी पुत्री भोली को आकाशीय बिजली की चपेट में आने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल लेकर आए थे। परीक्षण के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना कमासिन पुलिस को देते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

भोली की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां, भाई और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में भी शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story