गाविष्टि यात्रा का उद्देश्य गोमाता के प्राण व प्रतिष्ठा की रक्षा को जागरूकता लाना : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

WhatsApp Channel Join Now
गाविष्टि यात्रा का उद्देश्य गोमाता के प्राण व प्रतिष्ठा की रक्षा को जागरूकता लाना : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद


मुरादाबाद, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभाओं में 81 दिवसीय गाविष्टि (गोरक्षार्थ धर्मयुद्ध) यात्रा पर निकले ज्योतिषपीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती गुरुवार को मुरादाबाद महानगर में पहुंचने पर बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य गोमाता के प्राण एवं प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए जन जागरूकता लाना है।

आज यात्रा लेकर मुरादाबाद महानगर में आए जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत अभिनंदन हुआ। दिल्ली रोड स्थित रेड कारपेट बैंक्विट हॉल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि गोरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा का उद्देश्य गोरक्षा एवं गोसंवर्धन से है। उन्होंने लोगों को गोरक्षा का संकल्प दिलाया।

जगद्गुरु शंकराचार्य ने कहा कि आजादी से पूर्व से गोरक्षा, गोसंरक्षण और गोमाता को राष्ट्र माता घोषित करने के साथ ही कानून बनाने के आश्वासन मिलते रहे हैं, लेकिन इन्हें पूरा नहीं किया गया। सत्ताधारी पार्टी को भी केंद्र में 12 और यूपी में नौ साल हो जाने के बाद भी अभी गोमाता की रक्षा, उनकी प्रतिष्ठा और गोमाता को राष्ट्रमाता बनाने के लिए कोई भी कानून नहीं बना है। कहा कि इसी उद्देश्य को लेकर यूपी की प्रत्येक विधानसभा में जन जागरूकता के लिए गोरक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा कर रहे हैं। 50 दिनों की अब तक की यात्रा में 250 विधानसभा में उद्देश्य की पूर्ति के लिए जन-जन से अपील कर चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story