भीषण गर्मी में जनगणना कार्य स्थगित करने को शिक्षक विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
भीषण गर्मी में जनगणना कार्य स्थगित करने को शिक्षक विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र


झांसी, 24 मई (हि.स.)।

शिक्षक विधायक डॉ. बाबूलाल तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बुंदेलखंड क्षेत्र में भीषण गर्मी को देखते हुए जनगणना कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर जुलाई अथवा अगस्त माह में आयोजित कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पड़ रही प्रचंड गर्मी और लू के बीच शिक्षकों से जनगणना कार्य कराना स्वास्थ्य की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय बन गया है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में डॉ. तिवारी ने बताया कि बुंदेलखंड सहित देश के कई हिस्से इस समय अत्यधिक तापमान और भीषण लू की चपेट में हैं। ऐसी प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद शिक्षक जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य का निर्वहन लगातार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेज गर्मी के कारण कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और कई लोग अस्वस्थ भी हो रहे हैं। ऐसे में यह स्थिति लोकहित और कर्मचारी कल्याण दोनों के लिए चिंताजनक है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि राज्य सरकार केंद्र सरकार को बुंदेलखंड की वर्तमान विषम परिस्थितियों से अवगत कराए और जनहित तथा शिक्षक हित को ध्यान में रखते हुए जनगणना कार्यक्रम को आगामी जुलाई या अगस्त माह में पुनर्निर्धारित कराने के लिए आवश्यक नीतिगत प्रयास करे।

डॉ. तिवारी ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि शिक्षक पहले से ही विभिन्न प्रशासनिक और शैक्षिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में भीषण गर्मी के दौरान अतिरिक्त कार्यभार उनके स्वास्थ्य और कार्यक्षमता दोनों को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने सरकार से शिक्षकों की व्यावहारिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपेक्षा जताई है।

इस मांग को लेकर शिक्षकों और कर्मचारी संगठनों में भी चर्चा तेज हो गई है तथा क्षेत्र के कई लोगों ने इसे व्यावहारिक और मानवीय पहल बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story