छुआछूत की बीमारी नहीं है कुष्ठ रोग : डा मुक्ता अग्रवाल

WhatsApp Channel Join Now
छुआछूत की बीमारी नहीं है कुष्ठ रोग : डा मुक्ता अग्रवाल


जीजीआईसी की प्रधानाचार्या बोलीं, कुष्ठ रोगी और उसके परिवार का सम्मान करें

मुरादाबाद, 20 अप्रैल (हि.स.)। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लाइनपार मुरादाबाद में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अन्तर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्या डा मुक्ता अग्रवाल ने कहा कि कुष्ठ रोग छुआछूत की बीमारी नहीं है। इसलिए कुष्ठ रोग से घृणा न करें, बल्कि कुष्ठ रोगी और उसके परिवार का सम्मान करें। जिसमे कुष्ठ रोगियों को मुख्यधारा में लाया जा सके और उन्हें भी समाज में सम्मान प्राप्त हो सके।

प्रधानाचार्या डा मुक्ता अग्रवाल ने आगे कहा कि कुष्ठ रोग कुष्ठ रोगी के साथ बैठने से नहीं फैलता बल्कि ऐसा मरीज जिसने कभी भी कुष्ठ रोग का इलाज नहीं लिया है, उसके श्वास कणों के माध्यम से दूसरे व्यक्ति के शरीर में जा सकता है, और दूसरे व्यक्ति के शरीर में यदि रोग से लड़ने की क्षमता बहुत कम है तब केवल इस स्थिति में दूसरे व्यक्ति के शरीर में रोग के लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

जिला कुष्ठ परामर्शदाता डॉ भास्कर अग्रवाल ने छात्राओं को कुष्ठ रोग के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अगर आरंभिक लक्षणों में ही कुष्ठ रोग की जांच कर पुष्टि कर ली जाए एवं उसका एमडीटी दवा के द्वारा उपचार आरंभ कर दिया जाए तो इसका प्रभाव आंखों एवं शरीर के अन्य अंगों तक पहुंचाने की संभावना बहुत कम हो जाती है। एमडीटी दवा सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर नि:शुल्क उपलब्ध है।

जिला कुष्ठ परामर्शदाता ने कहा कि जनपद मुरादाबाद में वर्तमान में 229 मरीज इस दवा के द्वारा कुष्ठ रोग का इलाज प्राप्त कर रहे हैं।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की कार्यक्रम प्रभारी निशा ने किया। इस कार्यक्रम बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्रतिभाग किया एवं कुष्ठ रोग से संबंधित अपने सवाल के समाधान डॉ भास्कर से प्राप्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय की वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ गिरजा ने भी अपने विचार छात्राओं के सम्मुख प्रस्तुत किये ।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story