मुरादाबाद जनपद के ठाकुरद्वारा के ग्राम आलमगीरपुर में तेंदुआ पिंजरे में कैद

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद जनपद के ठाकुरद्वारा के ग्राम आलमगीरपुर में तेंदुआ पिंजरे में कैद


-दो माह पहले जनपद में तेंदुए ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को बनाया था अपना निवाला

-संवेदनशीलता के दृष्टिकोण से वन विभाग की देखरेख में रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय : जिलाधिकारी

मुरादाबाद, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में तहसील ठाकुरद्वारा रेंज के अन्तर्गत ग्राम आलमगीरपुर में शनिवार सुबह एक तेंदुए का ट्रैप केज के माध्यम से सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया है। जनपद में पिंजरे के माध्यम से रेस्क्यू किया जाने वाला यह 28वां तेंदुआ है। दो माह पहले अगस्त में ठाकुरद्वारा क्षेत्र में ही तेंदुए ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को अपना निवाला बनाया है।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि संवेदनशीलता के दृष्टिकोण से वन विभाग की देखरेख में रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय है। साथ ही प्रशासनिक स्तर से पूरे संवेदनशील क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामों में सतर्कता एवं जागरूकता के लिए चौपालें आयोजित की जा रही हैं। पूरे संवेदनशील क्षेत्र से अब तक 28 तेंदुओं का रेस्क्यू किया जा चुका है।

वन विभाग की रेस्क्यू टीम को मुरादाबाद के तहसील ठाकुरद्वारा रेंज के अन्तर्गत ग्राम आलमगीरपुर में शनिवार सुबह चार बजे एक तेंदुआ पिंजरे में कैद हो जाने की सूचना मिली। इसके बाद वन विभाग की टीम ने पहुंचकर उसे अपने कब्जे में लिया। तेंदुए के पिंजरे में कैद हो जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। अब उसके शारीरिक परीक्षण के बाद घने जंगल में छाेड़ा जाएगा, ताकि वह दाेबारा गांव की ओर न आ सके।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762304 Articles

Share this story